नुन्हारिया मेहरा समाज का होली मिलन समारोह सम्पन्न, आंबेडकर जयंती भव्य रूप से मनाने का निर्णय
छिंदवाड़ा जिले के मोरडोंगरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी अंतु में राष्ट्रीय नुन्हारिया मेहरा परिषद के तत्वावधान में सामाजिक होली मिलन समारोह एवं संगठनात्मक बैठक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयोजन समिति के सदस्य नीरज कोलारे (सरपंच) एवं नव नियुक्त उमरेठ ब्लॉक अध्यक्ष तथा उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं विभिन्न ग्रामों से आए सामाजिक बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में आगामी डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती 15 अप्रैल को सामाजिक स्तर पर ग्राम घागर तलाई में भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर भव्य रैली निकालने एवं सामाजिक सम्मेलन आयोजित करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि 15 मार्च को छिंदवाड़ा में कार्यक्रम की तैयारी हेतु बैठक धनराज जी के द्वारा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त यह निर्णय लिया गया कि यदि 5 अप्रैल तक 3 से 5 विवाह योग्य जोड़े सामाजिक विवाह हेतु तैयार होते हैं, तो आंबेडकर जयंती के अवसर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कर उनके विवाह समाज की उपस्थिति में संपन्न कराए जाएंगे।
बैठक में समाज के विभिन्न गौत्रों के देवस्थलों को चिन्हित कर वहां देवालय, मंदिर, मंढी, रंगमंच एवं चौपाल जैसे सामाजिक स्थलों के निर्माण की योजना भी बनाई गई। इसके लिए संबंधित गौत्र के सामाजिक सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे राशि संकलन कर दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण कराएं, जिससे समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया जा सके। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर सामाजिक भवन के निर्माण हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई तथा यह निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 तक भूमि आवंटन की कार्यवाही पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे समाज के कार्यक्रमों एवं बैठकों के लिए स्थायी व्यवस्था उपलब्ध हो सके। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से संगठन विस्तार पर भी चर्चा की गई तथा विभिन्न स्तरों पर सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी क्रम में उमरेठ ब्लॉक संगठन के गठन में उपाध्यक्ष गणेश बुनकर, कुमेश कोलारे (चांदामेटा), कोषाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भावरकर, संगठन मंत्री सुनील भावरकर, राहुल सातनकर (तिगाई), सह सचिव हरी प्रसाद पाटिल (मांडईमॉल), संगठन समन्वयक रामप्रसाद मस्तकार (चौपन टेकड़ी) को दायित्व सौंपा गया।
इसी के साथ विकास आठनकर को जुन्नारदेव ब्लॉक अध्यक्ष, संदीप भावरकर को जिला उपाध्यक्ष तथा शिवशंकर कोलारे को छिंदवाड़ा जिला सचिव नियुक्त कर समाज की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद बुनकर, राष्ट्रीय महासचिव श्री बाला साहेब सातनकर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश भावरकर, राजकुमार भावरकर, धनराज भूरा भावरकर, जिला अध्यक्ष संदीप भावरकर, जिला उपाध्यक्ष भूषण खतरे, प्रवक्ता डॉ. नर्मदा प्रसाद भावरकर, वरिष्ठ समाजसेवी नीरज कोलारे (सरपंच खजरी अंतु), उमरेठ ब्लॉक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ संरक्षक सुरेश बुनकर, गज्जू सातनकर, जिला उपाध्यक्ष रामाधार बायकर मुजावर, छिंदवाड़ा से संजय भावरकर, शरद कोलारे, सुमित भावरकर, पंकज सातनकर, कन्हैया कोलारे, तिगाई से राजेंद्र भावरकर, घागरतलाई से कालीराम रामटेके तथा भूली से अनेक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं ने समाज की एकता, संगठन और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति और उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद बुनकर ने कहा कि “समाज की शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित है। जब समाज के सभी वर्ग एक मंच पर आकर संकल्प लेते हैं, तो सामाजिक विकास की नई दिशा तय होती है।”
राष्ट्रीय महासचिव श्री बाला साहेब सातनकर ने कहा कि “डॉ. आंबेडकर जयंती केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने का अवसर है, जिसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।”
.jpg)
0 टिप्पणियाँ
Thanks for reading blog and give comment.